पीएम मोदी आज (पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान) मंच की शुरूआत करेंगे
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान) मंच की शुरूआत करेंगे। पीएम ने कहा कि इससे हमारी कर प्रणाली में सुधार आएगा और उसे सरल बनाने के प्रयासों को और बल मिलेगा। ये कदम ईमानदारी से टैक्स देने वालों को पुरस्कृत करने की दिशा होगां पीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा- गुरूवार 13 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान मंच की शुरूआत की जाएगी। यह हमारी कर प्रणाली में सुधार और उसे सरल बनाने के प्रयासों को और मजबूती देगा। यह कई ईमानदार करदाताओं के लिये फायदेमंद होगा जिनकी कड़ी मेहनत देश को आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करती है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी ट्विटर के जरिए इस योजना को भारत के लिए सरल और पारदर्शी कराधान व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। ये कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित किए जाएगा जिसमें विभिन्न उद्योग मंडल, व्यापार संगठन, चार्टर्ड एकाउंटेंट संघ और जाने-माने करदाता शामिल होंगे।
हालांकि बयान में सुधारों के बारे में कुछ नहीं कहा गया है लेकिन मंच की शुरूआत के साथ पिछले 6 साल में प्रत्यक्ष-कर के मोर्चे पर जो सुधार किए गये है उसे और आगे ले जाने की उम्मीद है। बताते चलें कि सुधारों में पिछले वर्ष कंपनी कर की दर को 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत करना एवं नई विनिर्माण इकाइयों के लिए 15 प्रतिशत करना और लाभांश वितरण कर हटाना, अधिकारी व करदाताओं के आमन-सामना हुए बिना आकलन शामिल है। बयान में कहा गया है कि टैक्स सुधारों के तहत कर की दरों में कमी करने और प्रत्यक्ष कर कानूनों के सरलीकरण पर जोर रहा है। आयकर विभाग के कामकाज में दक्षता और पारदर्शिता लाने के लिए भी सीबीडीटी द्वारा कई पहल की गई है।

