दैनिक वेतन भोगियों को MP सरकार की सौगात, सैलरी में 25% की बढ़ोतरी
भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों के वेतन में वर्तमान मासिक वेतन की 25% की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। राज्य स्तरीय श्रम सलाहकार मंडल की बैठक में हुए फैसले का लाभ कर्मचारियों को आगामी 1 अप्रैल से मिलेगा। हालांकि इस निर्णय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उधर, कर्मचारी संगठनों ने सरकार का आभार जताया है।
मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के प्रांताध्यक्ष अशोक पांडे ने जारी वीडियो में बताया कि ऐसा पहली बार है, जब दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को 25% वेतन मासिक वेतन वृद्धि का लाभ दिया गया हो। इस निर्णय से कर्मचारियों को प्रतिमाह दो हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा। उन्होंने बताया कि लंबे समय महंगाई को देखते हुए वेतन वृद्धि की मांग की थी। कई आंदोलन के साथ ज्ञापन भी सौंपे गए। सूत्रों के मुताबिक कुशल श्रमिकों का वेतन 9 हजार 653 रुपए से बढ़कर 12 हजार 12 रुपये मिलेगा। अर्ध कुशल श्रमिकों का वेतन 9 हजार 445 से बढ़कर 11 हजार 752 और अकुशल श्रमिकों का वेतन 9 हजार 233 रुपए से बढ़कर 11 हजार 466 रुपये मिलेगा।

