ग्वालियर में फिर कोरोना हो रहा तेज, इस बार लंबी खांसी और तेज बुखार की शिकायत
ग्वालियर. शहर में सोमवार और मंगलवार को दो दिन लगातार कोरोना के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। इन मरीजों की कॉन्ट्रेक्ट हिस्ट्री जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम बाल संप्रेक्षण गृह जाएगी। इसके साथ ही थाटीपुर में रहने वाली वृद्धा के परिजन के भी सैंपल लिए जाएंगे। इसी के साथ-साथ कोरोना के मरीज मिलने के चलते इन्फ्लूएंजा एच 3 एन 2 वायरस का भी खतरा अब मंडराने लगा है।
कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. अमित रघुवंशी ने बताया कि कोरोना के जो मरीज मिले हैं उनके संपर्क में जो आए हैं उनके सैंपल भी लिए जाएंगे। इसके लिए बाल संप्रेक्षण गृह में जिस किशोर को बीते रोज कोरोना होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद गुरुवार स्वास्थ्य विभाग की टीम बाल संप्रेक्षण गृह जाकर वहां रहने वाले बच्चों और स्टाफ के सैंपल लेगी। इसके साथ ही थाटीपुर में सोमवार को मिली कोरोना पॉजीटिव वृद्धा के परिजन के भी सैंपल लिए जाएंगे। कोरोना पॉजीटिव वृद्धा की हालत अभी भी स्थिर बनी हुई है। उधर वरिष्ठ चेस्ट फिजीशियन डॉ. उज्जवल शर्मा ने बताया कि कोरोना के जो मरीज आ रहे हैं। उनमें लंबे समय तक खांसी रहने के साथ तेज बुखार आना और चलने-फिरने में सांस फूलना जैसी समस्याएं देखने में आ रही है।
इसी तरह की समस्या वायरल ब्रांकियोलाइटिस के मरीजों मे भी देखने को मिलती है। कोरोना के मरीजों का सीटी स्कैन कराने पर पता चल रहा है कि कोरोना के कारण उनके फेफड़ों में 50 फीसदी से अधिक इंफेक्शन दिखने को मिल रहा है। लिहाजा यदि व्यक्ति को लंबे समय से खांसी रहने के साथ ही तेज बुखार आए तो उसे कोरोना की जांच कराने के साथ-साथ स्वयं को आइसोलेशन में कर लेना चाहिए।

