MP बीजेपी में बड़े बदलाव के संकेत, हेमंत खंडेलवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से की बंद कमरे में चर्चा
भोपाल. दतिया उपचुनाव में हार के बाद बीजेपी में मंथन की प्रक्रिया जारी है। मध्य प्रदेश में संगठन में कसावट लाने की कवायद तेज हो गई है। दतिया में हार के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहली बार दिल्ली पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में हेमंत खंडेलवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को चुनाव की हार के पीछे के प्रमुख कारणों का फीडबैक दिया। प्रदेश संगठन में मजबूती के लिए बदलाव के संकेत है। एमपी बीजेपी में दतिया में हार के बाद से जबर्दस्त उथलपुथल मची है। प्रदेश के सभी वरिष्ठ भाजपा नेता, दिल्ली के शीर्ष नेताओं से मिल चुके है। दतिया में उपचुनाव में हार के बाद से मप्र के वरिष्ठ नेताओं की राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकातों ने प्रदेश में सियासी सरगर्मी बढा दी है।
बडे बदलावों की चर्चा
वर्तमान माहौल में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मुलाकात बहुत अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि दतिया के परिणाम ने प्रदेश और केंद्र के शीर्ष नेतृत्व को झकझोर दिया है। संगठन में मजबूती और कसावट के लिए बडे बदलावों की चर्चा है। सीमए मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से अलग-अलग मुलाकातों को भी इसी संदर्भ मंे देखा जा रहा है।

