16 अगस्त के बाद नहीं होगी रसोई गैस सिलिंडर की बुकिंग, अगर नहीं किया ये काम
भोपाल. यदि आप घरेलू रसोई गैस का उपयोग करते हैं और अभी तक अपना बायोमेट्रिक या डिजिटल ई-केवाईसी सत्यापन पूरा नहीं कराया है, तो आपकी परेशानी बढ़ सकती है। 16 अगस्त के बाद बिना ई-केवाईसी कराए उपभोक्ता अपने एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा, गैस सिलिंडर पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी रोक दिया जाएगा। गैस कनेक्शन को सुचारू रूप से चालू रखने के लिए यह प्रक्रिया पुराने और नए दोनों तरह के ग्राहकों के लिए अनिवार्य की गई है। हालांकि, जिन उपभोक्ताओं ने हाल के दिनों में अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें इसे पुनः करवाने की आवश्यकता नहीं होगी।
ई-केवाईसी प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज
उपभोक्ता अपनी सुविधा अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन में से किसी भी माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। सत्यापन के लिए पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड या पैन कार्ड) और हालिया तस्वीर की आवश्यकता होगी। जो उपभोक्ता डिजिटल प्रक्रिया में सहज नहीं हैं, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय जाकर आवश्यक दस्तावेज जमा करके बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करा सकते हैं।

