दिल्ली में हिंसा के बाद ग्वालियर, इंदौर और भोपाल में अलर्ट जारी, प्रशासन ने छुट्टी पर लगाई रोक
भोपाल. दिल्ली हिंसा को देखते हुए मध्य प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीएए और एनआरसी को लेकर दिल्ली में हुई हिंसा में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। मध्यप्रदेश के चार महानगरों समेत हर जिले में अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट जारी करते हुए मुस्तैद रहने को कहा है साथ ही इन दिनों अवकाश पर भी जाने पर रोक लगाई गई है।
ग्वालियर व इंदौर में अलर्ट जारी किया
भोपाल में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। साइबर सेल भी पूरी तरह से सक्रिय है इसके साथ ही ग्वालियर और इंदौर में अलर्ट जारी किया गया है। मप्र में कई जगहों पर सीएए के विरोध में धरना-प्रदर्शन किए जा रहे है। ऐसे में दिल्ली में हुए उपद्रव को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को एहतियात के तौर पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए है इसके साथ ही आने वाले त्यौहारों को देखते हुए प्रशासन ने निर्देश दिए है।
जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है वहीं सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश दिए गए है। अलर्ट जारी करते हुए कहा गया है सोशल मीडिया में भड़काऊ पोस्ट करने वालों और भड़काऊ भाषण देने वालों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाए इसके साथ ही उन लोगों पर भी नजर रखी जाए जो प्रदेश के अमन और शांति को बिगाड़ सकते हैं।
हिंसा के मद्देनजर जबलपुर में पुलिस अलर्ट
मप्र के जबलपुर में अलर्ट जारी किया गया है। जिले के सभी थाना प्रभारी और साइबर सेल को सतर्क कर दिया गया है। जबलपुर पुलिस अधीक्षक के अनुसार दिल्ली में हुई हिंसा के मद्देनजर जबलपुर में पुलिस अलर्ट है। सभी थाना प्रभारियों को सतर्क किया गया है वहीं सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जबलपुर में भी हिंसा हुई थी।

