MP में रेल यात्रियों को बड़ी राहत, अब टिकट के साथ लगेज भी होगा बुक
भोपाल. रेलवे यात्रियों को डिजिटल सुविधा देने की दिशा में रेलव अब एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। जल्द ही यात्रियों को निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने के लिए पार्सल या लगेज कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नई व्यवस्था के तहत टिकट बुकिंग के समय ही अतिरिक्त सामान की जानकारी दर्ज कर ऑनलाइन लगेज बुकिंग की जा सकेगी। यात्रा के दिन स्टेशन पहुंचकर यात्री केवल अपना सामान रेलवे कर्मचारियों को सौंपेंगे, जिसके बाद वही सामान संबंधित ट्रेन से उनके गंतव्य स्टेशन तक पहुंचा दिया जाएगा।
पूरी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी
मध्य प्रदेश के अंतर्गत आने वाले रतलाम रेल मंडल के इंदौर रेलवे स्टेशन अधिकारियों के अनुसार, नई सुविधा लागू होने के बाद यात्रियों को अतिरिक्त सामान के लिए अलग से लगेज कार्यालय में जाकर वजन कराने और बुकिंग कराने की जरूरत नहीं रहेगी। इससे समय की बचत तो होगी ही साथ ही स्टेशन पर लगेज काउंटरों पर लगने वाली भीड़ भी कम होगी। टिकट बुकिंग के दौरान ही यात्रियों को मुफ्त लगेज सीमा, अधिकतम वजन, प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची, अतिरिक्त सामान पर लगने वाले शुल्क और नियमों की पूरी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी।
बिना आरक्षण वाले यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिलेगा
रेलवे ने साफ किया है कि, ये सुविधा फिलहाल सिर्फ कंफर्म आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को ही मिल सकेगी। वेटिंग लिस्ट, आरएसी और बिना आरक्षण वाले यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। यानी सिर्फ वही यात्री ऑनलाइन अतिरिक्त सामान बुक करा सकेंगे, जिनका टिकट कन्फर्म होगा। हालांकि, शुरुआत में सभी यात्रियों को ये सुविधा नहीं मिलेगी। प्रारंभिक चरण में थर्ड एसी, एसी इकोनॉमी और चेयर कार (सीसी) कोच के यात्रियों को इससे बाहर रखा गया है। बाद में व्यवस्था के सफल संचालन के आधार पर अन्य श्रेणियों में भी इसे लागू किया जा सकता है।

