पूर्व बस ड्राइवर के घर 15kg सोना व, 28 करोड़ कैश भी मिला
पश्चिम बंगाल. पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने एक पत्थर कारोबारी के घर छापा मारकर 15 किलो सोना बरामद किया। इसकी कीमत करीब 21.5 करोड़ आंकी गई है। पुलिस को 28.5 करोड़ से ज्यादा कैश भी मिला। नोटों को गिनते-गिनते 5 करेंसी काउंटिंग मशीन खराब हो गईं। पुलिस ने पत्थर कारोबारी मिनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मिनार पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था और बाद में स्टोन कारोबार से जुड़ गया। इस मामले में मिनार का जीजा और पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन फरार है। तुलु मंडल 2024 में बेटी की शादी में करीब 100 करोड़ खर्च करने पर चर्चा में आया था। शादी में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड एक्टर अरबाज खान और एक्ट्रेस जरीन खान भी शामिल हुए थे।

मुख्यमंत्री ने छापेमारी की तस्वीरें शेयर कीं
तुलु मंडल को पूर्व टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। अनुब्रत जून में टीएमसी के बागी ऋतब्रत बनर्जी गुट में शामिल हो गए थे। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने छापेमारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। उन्होंने लिखा- भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। जनता की संपत्ति लूटने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। माफिया सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रात में मिनार मंडल के घर पर छापेमारी शुरू की थी। घर से मिले 28.5 करोड़ कैश को लोहे के बक्सों में भरकर मोहम्मद बाजार थाने ले जाया गया, जहां से इसे बैंक में जमा कराया जाएगा। घर से 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट भी बरामद किए। इनकी कीमत करीब 21.5 करोड़ बताई गई है। मिनार मंडल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि कैश और सोना तुलु मंडल का है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि करोड़ों रुपए की नकदी और सोना कहां से आया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

टैक्स वसूली में करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप
2016-17 में तुलु मंडल को बीरभूम की स्टोन क्वारियों में वसूली का ठेका मिला था। पुलिस को शक है कि बरामद नकदी पत्थर खदानों से वसूले गए सरकारी राजस्व का हिस्सा है, जिसे सरकारी खजाने में जमा नहीं किया गया।

