ड्रोन से कीटनाशक व उर्वरक छिड़काव करके दिखाया
ग्वालियर – विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत जिले के गाँवों में ड्रोन का उपयोग कर उन्नत खेती करने के तरीके विशेष रूप से किसानों को सिखाए जा रहे हैं। इस कड़ी में बुधवार को विकासखण्ड भितरवार के ग्राम बामरोल में कृषकों को ड्रोन का उपयोग कर फसल की निगरानी और कीटनाशकों के छिड़काव की विधि के बारे में बताया गया। इस दौरान ड्रोन दीदी द्वारा ड्रोन उड़ाकर दिखाया गया। साथ ही बताया गया कि ड्रोन के इस्तेमाल से श्रम, लागत, समय और संसाधनों का खर्च कम होता है एवं खेती में लाभ होता है।
किसानों को बताया गया कि ड्रोन के माध्यम से छिड़काव करने पर फसल उत्पादन में वृद्धि होती है। साथ ही पर्यावरण को कम नुकसान पहुँचता है। भितरवार विकासखण्ड के दल प्रभारी डॉ. एस.पी.एस. तोमर ने कृषकों को ड्रोन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा ड्रोन के माध्यम से किसान सटीक रूप से उर्वरक और पानी का उपयोग कर सकते हैं। साथ ही इसके उपयोग से संसाधनों का कुशल उपयोग होता है, जिससे पर्यावरण को कम नुकसान होता है।
ज्ञात हो भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में देशभर के साथ ग्वालियर जिले में भी कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के साथ “विकसित कृषि संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। गत 29 मई से शुरू हुआ यह अभियान 12 जून तक चलेगा।

