चंबल पेयजल प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइन डालने का कार्य प्रारंभ
ग्वालियर क पानी पहुँचाने के लिये पम्पिंग स्टेशन का काम भी अंतिम चरण में
ग्वालियर – पेयजल आपूर्ति के लिये अति महत्वपूर्ण चंबल पेयजल प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइन डालने का काम प्रारंभ हो गया है। इसके साथ ही पंपिंग स्टेशन निर्माण का कार्य भी तेजी के साथ किया जा रहा है, जो अंतिम चरणों में है। ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने बुधवार को चंबल प्रोजेक्ट के तहत किए जा रहे कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों से प्रोजेक्ट को गुणवत्ता के साथ तेजी से करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारीगण और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इस प्रोजेक्ट के पूर्ण होने से ग्वालियर में कई वर्षों तक पेयजल की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत केरूआ पर पंपिंग स्टेशन का निर्माण भी अंतिम चरणों में है। इसके साथ ही ग्वालियर तक पाइप लाइन डालने का कार्य भी निर्माण एजेंसियों के माध्यम से प्रारंभ कर दिया गया है। निर्माण एजेंसी के द्वारा 4 मशीनरी लगाकर पाइप लाइन डालने के लिये खुदाई करने के साथ-साथ पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी प्रारंभ हो गया है। निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि एक मशीन के माध्यम से लगभग 150 मीटर प्रतिदिन खुदाई कर पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है।निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से कहा है कि इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के तहत किए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग की जाए। इसके साथ ही कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

