डबरा में की गयी 14 लाख रूपये की लूट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, लूट की योजना बनाकर जेल लौट गया
ग्वालियर. डबरा पुलिस ने हुण्डी व्यापारी से हुई 14 लाख रूपये की लूट की वारंदात को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजकुमार कुशवा जो कि झांसी का निवासी है। हत्या के एक मामले में झांसी जेल में सजा काट रहा था। पैरोल से बाहर आने के बीच उसने इस लूट की योजना बनाई और वारदात के बाद वापिस जेल लौट गया।
पुलिस ने आरोपी से डेढ़ लाख रूपये नगद, देशी कट्टा, 2 कारतूस और घटना में उपयोग की गयी अपाचे मोटरसाईकिल बरामद की है। लूट में राजकुमार तथा 2 अन्य आरोपियों सागर और सुमित कुशवाह का चाचा है। शुरूआत में आरोपी ने अपराध स्वीकार करने से मना कर दिया। लेकिन पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
क्या है मामला
लूट की कुल राशि में से तीन लाख रुपए आरोपी के पास थे, जिनमें से डेढ़ लाख बरामद किए गए हैं। आरोपी ने 50 हजार रुपए खर्च करने की बात कबूली है। शेष एक लाख रुपए की बरामदगी के लिए पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है। बता दें कि कमल टॉकीज रोड पर हुई इस लूट के मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो वर्तमान में जेल में बंद हैं। इन आरोपियों से करीब 11 लाख रुपए पहले ही बरामद किए जा चुके हैं। सिटी थाना प्रभारी यशवंत गोयल का कहना है कि व्यापारी से लूट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार किया है। उससे डेढ़ लाख रुपए नकद, अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक की बरामद की है अभी पूछताछ जारी है, ताकि और पैसों की भी रिकवरी हो सके।

