बुंदेलखंड एक्सप्रेस से अगवा हुई 18 माह की बच्ची को जीआरपी ने ग्वालियर के गांधीनगर से आरोपी को गिरफ्तार किया
ग्वालियर. बुंदेलखंड एक्सप्रेस से अगवा की गई 18 माह की बच्ची को जीआरपी ग्वालियर ने घटना के 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को ग्वालियर के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है इसलिए उसने बच्ची का अपहरण किया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एडीजी रेल राजा बाबू सिंह ने बताया कि शिवपुरी निवासी महिला अपनी 18 माह की बेटी के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस से ग्वालियर से प्रयागराज अपने भाई के घर जा रही थी। यात्रा के दौरान उसी कोच में सवार आरोपित ने महिला से बातचीत कर विश्वास हासिल किया और सीट व्यवस्थित करने के दौरान बच्ची को गोद में लेने की पेशकश की। महिला जैसे ही अपनी बर्थ लगाने में व्यस्त हुई, आरोपी बच्ची को लेकर ट्रेन से फरार हो गया।
आरोपित को ग्वालियर के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया
जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी ग्वालियर ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। लगातार कार्रवाई के बाद आरोपित को ग्वालियर के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बच्चे को सुरक्षित मां के सुपुर्द किया- एडीजी रेल राजा बाबू सिंह
एडीजी रेल राजा बाबू सिंह ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपित से पूछताछ जारी है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था। एडीजी राजा बाबू सिंह ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए जीआरपी ग्वालियर की टीम की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाएगी।

