जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में पुलिसकर्मी शहीद, रात में ऑपरेशन रोका गया
जम्मू कश्मीर. जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सोमवार शाम सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया है। वहीं जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को भी गोली लगी है। हालांकि उसकी मौत की सूचना नहीं है।

मुठभेड़ में एक आतंकवादी के भी घायल होने की आशंका
सुरक्षाबलों ने बताया कि उधमपुर में मजालता इलाके के सोआन गांव के पास शाम 6 बजे तीन आतंकियों के मौजूद होने की सूचना मिली। जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया था। दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। आतंकियों की एक गोली जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप के जवान को लगी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती मुठभेड़ में एक आतंकवादी के भी घायल होने की आशंका है। ऑपरेशन रात के लिए रोक दिया गया है और मंगलवार को सुबह फिर शुरू किया जाएगा।

