दतिया उपचुनाव हार के बाद भाजपा जिला कार्यकारिणी भंग:मंडल-मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प सदस्य भी हटाए
भोपाल. दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। पार्टी नेतृत्व ने जिला कार्यकारिणी समेत दतिया के सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों की इकाइयों को भंग कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने ये एक्शन हार की समीक्षा के लिए बनाई गई विशेष समिति की रिपोर्ट पर लिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, चुनाव के दौरान वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और पत्रों की भी समीक्षा की जाएगी। ऐसे पोस्ट-लेटर साझा करने वालों की लिस्ट बनाकर उनके राजनीतिक संबंध जांचे जाएंगे। दतिया सीट कांग्रेस के राजेंद्र भारती को फ्रॉड मामले में 3 साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। यहां कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार भाजपा को हराया है।

सीएम हाउस पर उच्चस्तरीय बैठक हुई
इससे पहले चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सीएम हाउस पर उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, चुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, सह प्रभारी राहुल कोठारी, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा समेत 25 नेता मौजूद रहे।
स्थानीय नेताओं पर भीतरघात के आरोप लगे
दतिया में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की हार के बाद भीतरघात के आरोप लगे थे। पार्टी के कई नेताओं ने दबी जुबान में कहा कि नरोत्तम का टिकट कटने के बाद उनके स्थानीय समर्थक चुनावी अभियान में सक्रिय नहीं दिखे। वे पार्टी में रहते हुए भी दूरी बनाए रहे।
जिला कार्यालय पर सन्नाटा
दतिया भाजपा की पूरी टीम हटाए जाने के बाद जिला कार्यालय पर सन्नाटा पसर गया। मेन गेट अंदर से बंद कर दिया गया। संपर्क करने पर स्टाफ में से कोई सामने नहीं आया। जिला अध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाह ने फोन रिसीव नहीं किया। अन्य बड़े नेताओं ने भी या तो कॉल नहीं उठाया या वे स्विच ऑफ आते रहे।

