जमीनी विवाद फायरिंग करने वाले बदमाशों को पुलिस ने दबोचा, भाईयों पर की थी गोलीबारी
ग्वालियर. एक माह पूर्व ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैलाने वाले बदमाश फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर फिर से अटैक करने जा रहे थे। लेकिन पुलिस का समय रहते इसकी खबर मिल गयी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सचिन फागुना समेत 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। झांसी रोड थाना पुलिस का इस कार्यवाही में कामयाबी मिली है।
22 मार्च की रात जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने अपने 2 दर्जन से ज्यादा साथियों के साथ ताबडतोड़ फायरिंग की थी। इस घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। तभी से आरोपी फरार थे। अब पुलिस ने उन्हें पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात में उपयोग किये गये हथियारों और अन्य साथियों की तलाश जारी है।
क्या है घटनाक्रम
सीएसपी विश्वविद्यालय, हिना खान ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर सचिन फागुना (गुर्जर) निवासी सिरोल, अपने कुछ साथियों के साथ आ रहा है। सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना प्रभारी अवधेश सिंह कुशवाह को आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए गए।
प्रधान आरक्षक देवेंद्र सखवार, आरक्षक श्याम जाट, कमल राजपूत, रामकेश गुर्जर और सुनील बघेल को आरोपियों को पकड़ने के लिए तैनात किया गया। पुलिस टीम ने सेंट जोसेफ स्कूल के पास तिराहे पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक लग्जरी कार आती दिखाई दी, जिसे रेंज में आने दिया गया। जब कार पुलिस की घेराबंदी में आ गई, तो उसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस से घिरा देखकर कार में सवार तीन युवक भागने लगे, जिन्हें थोड़ी देर पीछा करने के बाद पकड़ लिया गया।

