ग्वालियर में तेज बारिश, नदी-नाले उफान पर, बार-बार भर रहा तिघरा डेम
ग्वालियर. शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। सुबह 8 से 11 बजे के बीच ही एक इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शहर में कुल 672.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो अब तक के तय कोटे से 238 प्रतिशत अधिक है।
34 मिमी बारिश और, शहर का कोटा पूरा
ग्वालियर शहर का वार्षिक औसत बारिश कोटा पूरा होने के लिए अब सिर्फ 34 मिमी और बारिश की जरूरत है। हालांकि जिले का कोटा पूरा करने के लिए अभी करीब 235 मिमी बारिश और अपेक्षित है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश की चेतावनी दी है। ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
झमाझम बारिश से झरने-नाले उफान पर
शहर में गुरुवार सुबह से ही बादल छाए हुए थे। दोपहर में एक घंटे से ज्यादा तेज बारिश हुई, जिससे 22.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। देर रात से रिमझिम बारिश का सिलसिला फिर शुरू हुआ, जो शुक्रवार सुबह तक तेज बारिश में बदल गया।ग्वालियर के आसपास के नदी-नाले उफान पर हैं। शहर की ‘लाइफलाइन’ कहे जाने वाले तिघरा डैम का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। आसपास के झरने बहने लगे हैं, जिससे पिकनिक स्पॉट्स पर भीड़ बढ़ने लगी है।

