7वें वेतनमान की मांग पर जीवाजी विश्वविद्यालय के तृतीय श्रेणी कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन पर दिया धरना
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के आह्वान पर सोमवार को तृतीय श्रेणी कर्मचारियों ने 7वें वेतनमान सहित 24 सूत्रीय मांगों को लेकर सांकेतिक काम बंद कर दिया। कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
सोमवार सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन के मेन गेट पर धरना दिया। इस दौरान 7वें वेतनमान को लागू करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय गीत का गायन भी किया गया। कर्मचारी नेताओं के अनुसार 7वें वेतनमान को लागू करने सहित कुल 24 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। इसी क्रम में सचिव, तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ, अध्यक्ष, तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ और अध्यक्ष, स्थायी कर्मचारी संघ के हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों का समय पर निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से 7वें वेतनमान को जल्द लागू करने और अन्य लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
मेडिकल बिल भुगतान को लेकर भी उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय से मेडिकल बिल के भुगतान को लेकर भी सवाल उठाए। कर्मचारियों का आरोप है कि एआर मंडी बोर्ड में कार्यरत कर्मचारी की पत्नी के मेडिकल बिल का भुगतान विश्वविद्यालय से किया जा रहा है। कर्मचारियों ने इस मामले में नियमों और भुगतान प्रक्रिया को सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

