डबरा में 25 अगस्त को होगा “बलराम कृषि महोत्सव” का आयोजन कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर तैयारियों का लिया जायजा
ग्वालियर, 25 अगस्त को ग्वालियर जिले के किसानों से संवाद और कृषि नवाचारों पर चर्चा करेंगे। “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत 25 अगस्त को डबरा कृषि उपज मंडी परिसर में कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे जिले के किसानों से मुख्यमंत्री वर्चुअल संवाद करेंगे। इस आयोजन में जिले के जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषकगण शामिल होंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को कृषि उपज मंडी डबरा पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही कार्यक्रम को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश के सभी जिलों में “बलराम कृषि महोत्सव” आयोजित किए जा रहे हैं। कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि एवं उद्यानिकी के साथ-साथ पशुपालन को भी विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।
डबरा में “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, मौसम आधारित खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, उन्नत कृषि यंत्रों एवं आधुनिक कृषि प्रबंधन प्रणालियों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। कृषि विशेषज्ञ किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नई पद्धतियों, फसल उत्पादन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा कृषि जोखिमों के प्रभावी प्रबंधन के उपायों से भी अवगत कराएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा किसानों से “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत डबरा में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।

