बाइक सवार युवक ने ड्यूटी से लौटते युवक को मारी गोली, कंधे के पास लगी गोली, हमलावर फरार
ग्वालियर. गोला का मंदिर थाना इलाके में रविवार की रात मोटर साईकिल सवार बदमाश ने ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक की पीठ के कंधे पर लगते ही युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद आरोपी मोटर साईकिल से फरार हो गया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गयी है। घटना मुरैना रोड स्थित नारायण बिहार कॉलोनी के गेट और मंघाराम फैक्ट्री के बीच हुई है। घायल युवक की पहचान नारायण बिहार कॉलोनी निवासी सचिव श्रीवास के रूप की गयी है। वह शहर के केशर टॉवर में नौकरी करता है।
पैदल घर जा रहा था
पुलिसके अनुसार सचिन रविवार की रात ड्यूटी खत्म होने के बाद केशर टॉवर से ऑटो बुक कर गोला का मंदिर चौराहे तक पहुंचा था। यहां वह पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। मंघाराम फैक्ट्री के सामने पहुंचने पर वह कुछ देर के लिये रूका था।
गोली की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। सचिन ने अपने दोस्त और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने पर गोला का मंदिर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल के बयान लिए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के CCTV कैमरों की जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक जहां वारदात हुई, वहां कोई CCTV कैमरा नहीं लगा है। ऐसे में आसपास के क्षेत्रों और गोला मंदिर चौराहे पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस दिशा से आया और वारदात के बाद किस रास्ते से भागा। फिलहाल गोली मारने के कारण का पता नहीं चल सका है।

