क्रूज ड्रग्स पार्टी केस में 4 आरोपी और गिरफ्तार, मध्यप्रदेश, दिल्ली और गुजरात एनसीबी की टीमें भी मुंबई पहुंचीं
मुंबई. क्रूज ड्रग पार्टी का मामला अब बढ़ता जा रहा है, मुंबई पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मुंबई एनसीबी के साथ अब दिल्ली, मप्र और गुजरात की एनसीबी टीमें भी इस इन्वेस्टिगेशन में जुड़ गई है। ये टीमें 4 लोगों को लेकर मुंबई एनसीबी के ऑफिस पहुंची है, इन्हें गिरफ्तार किया गया है। एनसीबी इन्हें आज ही मुंबई की अदालत में पेश करेगी। अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें आर्यन समेत 8 लोगों को क्रूज से गिरफ्तार किया गया था। वहीं अरबाज मर्चेंट के दोस्त श्रेयस के अलावा अब्दुल कादिर, मनीष उदयराज और अविन दीनानाथ को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है।
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान समेत 8 आरोपी 7 अक्टूबर तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कस्टडी में हैं। ऐसे वक्त में शाहरुख खान को इंडस्ट्री का सपोर्ट मिल रहा है। फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेसेस काजोल, रानी मुखर्जी, दीपिका पादुकोण और अनुष्का शर्मा ने शाहरुख से फोन पर बात की। इससे पहले जिस दिन आर्यन गिरफ्तार हुए थे, उस शाम सलमान खान शाहरुख से मिलने मन्नत पहुंचे थे।
आर्यन के सामने बैठाकर की जाएगी ड्रग पैडलर से पूछताछ
ड्रग्स पार्टी मामले में एनसीबी ने एक पैडलर और श्रेयस को भी गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर रेव पार्टी के लिए ड्रग्स मुहैया करवाने का आरोप है। श्रेयस, अरबाज का बहुत अच्छा दोस्त बताया जा रहा है और उसके पास काफी ड्रग्स बरामद हुई है। आज इन दोनों को आर्यन, अरबाज और मुनमुन समेत 8 आरोपियों के सामने बैठाकर पूछताछ की जाने की संभावना है। इसी मामले में एनसीबी कुछ और जगहों पर रेड भी कर सकती है। आज इन्हें कस्टडी के लिए किला कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसी मामले में एनसीबी ने क्रूज के 8 स्टाफ को भी हिरासत में लिया है। इन पर पार्टी की जानकारी जानबूझकर छिपाने का आरोप है। माना जा रहा है कि आज इनमें से कुछ को गिरफ्तार किया जा सकता है।

