कंस्ट्रक्शन कंपनी के देशभर में स्थित 25 से 30 दफ्तरों पर एक साथ आयकर की बड़ी कार्रवाई
रायसेन. रासेन जिले में फोरलेन सड़क निर्माण कंपनी ब्रजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी पारतलाई के दफ्तर में आयकर विभाग की 20 सदस्यीय टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की गई। देश में कंपनी के सभी 25 से 30 ठिकानों पर एक साथ कार्यवाही की गई है। इस कार्रवाई में अभी तक जांच जारी है बताया जा रहा है कि छापेमारी में आयकर विभाग की टीम को कई जरूरी दस्तावेज मिले है जिनसे बड़ा खुलासा हो सकता है।
दस्तावेज खंगालने में जुटी टीम
छापेमारी करने आई आयकर विभाग की टीम के अधिकारी छापेमारी में महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की बात कर रहे है। आयकर विभाग के अधिकारी सहित पुलिस बल बड़ी संख्या में पारतलाई के ऑफिस में मौजूद है। ब्रजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा नेशनल हाईवे 12 पर बिनेका से बरेली तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है जिसकी लागत करीब 600 करोड़ रुपए बताई जा रही है। विवादों में रहने वाली कंपनी आयकर विभाग के चंगुल में फंसती नजर आ रही है।
ब्रजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी का काम बिनेका से लेकर बरेली तक है जिसमें उसे पुल-पुलिया के साथ ही सीसी सड़क निर्माण करना है लेकिन फोरलेन के मध्य पड़ने वाले रातापानी व सिंघोरी अभ्यारण्य में ठेकेदार को खनिज संपदा का खजाना मिल गया और पहाड़ काटने के साथ ही पेड़ों की कटाई तयशुदा भूमि से हटकर किया गया उस खनिज संपदा को सड़क निर्माण के साथ ही खुले बाजार में बिक्रय किया गया। यह छापामार कार्यवाही उसके सभी ठिकानों पर एक साथ की गई।

