मुख्यमंत्री हाथ ठेला लेकर निकले बच्चों के लिये खिलौने इकट्ठे करने
भोपाल. मुख्यमंत्री ने मंगलवार की शाम भोपाल में आंगनवाड़ी के बच्चों के लिये जन सहयोग से खिलौने जुटाने का अभियान शुरू किया। वह जनता के बीच हाथ ठेला लेकर निकले और उन्होंने बच्चों के लिये खिलौने जुटाये। सीएम ने कन्या पूजन करते हुए इस अभियान की शुरूआत की और इसकी सफलता के लिये प्रार्थना की।
इस दौरान अभियान में ठेला धकेलते हुए मुख्यमंत्री राजधानी के अशोका गार्डन इलाके के स्वामी विवेकानंद चौराहा पहुंचे। जहां से वह परिहार चौराहा और महावीर मार्ग से होते हुए मनसा देवी मंदिर तक गये। यह अभियान लगभग 3 घंटे तक चला।
आया रे खिलौने वाला, खेल-खिलौने लेने आया रे..
सीएम शिवराज ने कहा कि हमने टीवी नहीं मांगी थी। सिर्फ खिलौने मांगे थे। आया रे खिलौने वाला, खेल-खिलौने लेने आया रे..। मैं तो अपने भांजे-भांजियों के लिए निकला था। लेकिन लोगों के प्यार से अभिभूत हूं। लोगों ने सिर्फ खिलौने नहीं बल्कि LED टीवी, सीलिंग फेन, मेडिकल किट, स्कूल बैग, पुस्तक, कॉपी, कूलर, बर्तन भी दिए। गरीब से गरीब बहन भी खड़ी थी और कह रही थी कि ये ले जाओ मामा। बच्चों ने अपनी गुल्लक तक भेंट कर दी। कुल 10 ट्रक सामान जमा हुआ है। लोगों ने सिर्फ सामान नहीं दिया अपना प्यार, आत्मियता और भावनाएं दी हैं। इन भावनाओं के आधार पर कह सकता हूं कि हम मध्यप्रदेश की आंगनवाड़ी दशा बदल देंगे। सुपोषण अभियान चलाकर अंडरवेट बच्चों को स्वस्थ करने में कामयाब होंगे। यह समाज की ताकत है। 800 मीटर तय करने में तीन घंटे से ज्यादा समय लग गया। यह अभियान सिर्फ भोपाल का नहीं है। भोपाल का अशोका गार्डन पूरे मध्यप्रदेश को प्रेरणा देगा। आज से यह अभियान पूरे मध्यप्रदेश का अभियान बन गया।

