बैट्री धमाको से फटी और लगी आग, शोरूम में नयी-पुरानी स्कूटी और बैट्री भी आग हवाले, लाखों रूपये का नुकसान, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

मुरैना. न्यू आमपुरा स्थित होप इलेक्ट्रानिक शोरूम में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैट्री में अचानक धमाका हुआ। जिससे भीषण आग लग गयी। आग की चपेट में शोरूम में रखी अन्य स्कूटी और बैटरियां भी आ गयी। सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरे इलाके में धुआं फैल गया। जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस घटना में करीब 8 लाख रूपये का नुकसान हुआ है। घटना शुक्रवार की सुबह 10 बजे सिटी कोतवाली थाना इलाके की है।

कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई
शोरूम के संचालक महेश राठौर ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह स्कूटी चार्ज कर रहे थें जब अचानक बैट्री में धमाका हुआ और आग भड़क गयी। आग इतनी जबरदस्त थी कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। आसपास के दुकानदार और रहवासी भी घबरा गये और तुरंत फायरब्रिगेड को सूचना दी गयी।

कई नयी- पुरानी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी जली
सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक शोरूम में रखी कई नयी और पुरानी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी और बैटरियां और अन्य उपकरण जलकर राख हो चुके थे।
8 लाख रूपये का नुकसान
शोरूम के संचालक के मुताबिक इस हादसे में उन्हें लगभग 8 लाख रूपये आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने से गोदाम का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया है कि विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी के आसपास के इलाकों में दहशत फैल गयी। चारो तरफ घना धुआं छा गया। जिससे कुछ देर के लिये यातायात भी प्रभावित हुआ।
विस्फोट के सही कारण की जांच जारी
सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और प्रारंभिक रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि शॉर्ट सर्किट या बैटरी की गुणवत्ता संबंधी जांच की जा रही है, जिससे विस्फोट का सही कारण सामने आ सके।

