निर्माणाधीन मॉल की छत गिरने से 4 मजदूर घायल, पाइप स्लिप होने पर हुआ हादसा
शिवपुरी. शुक्रवार की दोपहर निर्माणाधीन मॉल की तीसरी मंजिल की छत अचानक गिर गयी। हादसे में 4 श्रमिक घायल हो गये। घटना कोतवाली थाना इलाके के थीम रोड स्थित ठाकुरपुरा की है, घायलों को मेडीकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल श्रमिकों में सबसिंह कृष्ण पटेलिया 42, मुड़ेरी बदरवास से, राकेश पटेलिया नगदा गुना से, कोकसिंह रूपसिंह पटेलिया आगरा बदरवास से और पप्पू पटेलिया शामिल है। सभी श्रमिक छत ढालने का काम कर रहे थे।
पाइप स्लिप होने पर गिरी छत
मॉल का निर्माण महेन्द्र गोयल करवा रहे हैं। 3 मंजिलें करीब तैयार थी। तीसरी मंजिल की छत डालते वक्त यह हादसा हुआ है। ठेकेदार दीपक गुप्ता के अनुसार निर्माण में पूरी सावधानी बरती जा रही थी। लकड़ी की जगह लोहे के मजबूत पाइप लगाये गये थे। छत डालने के बाद पाइप स्लिप होने से छत गिर गयी। सभी घायलों को तत्काल मेडीकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

