बेटे की शादी ने पिता को बनाया चोर, शादी के लिये पैसे नहीं थे, 27 मोबाइल बरामद
ग्वालियर. 4 दिन पूर्व मोबाइल शोरूम में हुई चोरी का खुलासा हो गया है। 2 चोर भी पुलिस के हाथ लगे हैं। जिनमें से एक नाबालिग है तो दूसरे चोर की कहानी बहुत ही अलग है। उसने चोरी करना स्वीकार करते हुए हुए बताया कि उसके बेटे की शादी सिर पर आ गयी थी और शादी के खर्च के लिये उसके पास रूपये नहीं थे। ऐसे में उसे यही तरीका समझ में आया कि जिससे आसानी से रूपये मिल सकते थे। पुलिस ने आरोपी से चोरी गये 30 मोबाइल में से 27 बरामद कर लिये हैं। पुलिस ने दोनों चोरों को ग्राहक बनकर डील में फंसाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
क्या है घटनाक्रम
चार दिन पहले थाटीपुर थाने के कुम्हारपुरा इलाके में तरूण शर्मा की सानवी इंटरप्राइजेज के ताले चटकाकर चोर गल्ले में से 30 हजार रुपए और 30 नए मोबाइल चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद जब CCTV कैमरे खंगाले तो एक नकाबपोश नाबालिग सा चोर अंदर छानबीन करता दिख रहा है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर इसी फुटेज के आधार पर चोरों की छानबीन शुरू कर दी है। 4 दिन में मामले का खुलासा कर दिया है। मंगलवार को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि 2 युवक महंगे और नए मोबाइल आधी कीमत पर बेचने के लिए कोई ग्राहक तलाश रहे हैं। उनके पास करीब 25 से 30 मोबाइल हैं। इस पर क्राइम ब्रांच को समझते हुए देर नहीं लगी कि यह चोर गिरोह है और चोरी के मोबाइल ठिकाने लगाने की कोशिश की जा रही है। इस पर क्राइम ब्रांच के थाना प्रभारी पप्पू सिंह यादव ने टीम को फिल्डिंग पर लगाया। क्राइम ब्रांच के जवान ग्राहक बनकर मोबाइल बेचने वालों के पास पहुंचे। सौदा तय होते ही जब चोर मोबाइल लेकर आए तो क्राइम ब्रांच ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पकड़े गए दोनों चोरों से 27 चोरी के मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। पकड़े गए 2 चोरों में एक नाबालिग है। पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए आरोपियों में राजा उर्फ राहुल जाटव टेंपो चलाता है।
बेटे की शादी ने बनाया चोर
चोर गैंग का सरगना राजा उर्फ राहुल जाटव के मारे में पता लगा है कि उसके बेटे की शादी होना है और पैसों की कमी के चलते उसने एक नाबालिग को लेकर दुकान के भीतर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने सोचा था कि गल्ले में 2 से 3 लाख रूपये नगदी मिल जायेंगे पर सिर्फ 30 हजार रूपये ही मिले थे और इसके बाद उन्होंने शोकेस में सजे मोबाइल पार कर दिये। सोचा था कि इनको बेचकर 2 लाख रूपये मिल जायेंगे। इससे राजा के बेटे की शादी का खर्च निकल जायेगा। अब पुलिस इन दोनों सेस क्षेत्र की अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ कर रही हैं।

