बीजेपी के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट तैयार
नई दिल्ली. मिशन 370 पूरा करने के लिए बीजेपी का पूरा फोकस अब उम्मीदवारों के चयन पर है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची इसी हफ्ते जारी हो सकती है। इसमें करीब 100 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, पहली लिस्ट में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम हो सकता है। पीएम मोदी के तीसरी बार वाराणसी से चुनावी मैदान में उतरने की पूरी संभावना है। बुधवार को, नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में बीजेपी ने लगभग दर्जन भर राज्यों के कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है। बीजेपी चीफ जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हर राज्य के नेताओं से अलग-अलग बात करेंगे। हर स्टेट से मुख्यमंत्री, राज्य प्रभारी और अन्य वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इन बैठकों में ही लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की कैंडिडेट लिस्ट को फाइनल टच दिया जाएगा।
बीजेपी के लोकसभा चुनाव अभियान से जुड़ी एक अहम बैठक गुरुवार को होगी। नई दिल्ली में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रस्तावित है। पार्टी की पहली लिस्ट को अंतिम मंजूरी यहीं से मिलेगी। बीजेपी के लगभग 100 उम्मीदवारों की पहली सूची 1 या 2 मार्च को जारी होने की संभावना है। चुनाव समिति की बैठक में उन सीटों पर विचार किया जा सकता है जहां 2019 में बीजेपी हार गई थी। जिन्हें हालिया चुनाव के जरिए राज्यसभा नहीं भेजा जा सका, उनकी लोकसभा में उम्मीदवार पर भी मंथन हो सकता है।

