दिल्ली पुलिस की स्पेशल ने किये 6 आतंकी गिरफ्तार
नई दिल्ली. आगामी त्योहारों के बीच देश में धमाके कराने की पाकिस्तानी साजिश का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल की सेल ने 6 आतंकियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक और हाई क्वालिटी हथियार बरामद किये हैं। पकड़े गये आतंकियों में से 2 ने पाकिस्तान में बम बनाने की ट्रेनिंग ली थी। पकड़े गये आतंकी दाऊद इब्राहिम के भाई अनीस के इशारे पर नवरात्रि और रामलीला के दौरान सीरियल धमाका करना चाहते थे।
आतंकियों का यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाह ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद एक मल्टी स्टेट ऑपरेशन चलाया गया। इस बीच दिल्ली, यूपी और राजस्थान से यह आतंकी पकड़े गये। पाकिस्तान में ट्रेनिंग लेने वाले आतंकियों के नाम ओसामा और जीशान कमर हैं। बाकी चारों आतंकियों के नाम मोहम्मद अबु बकर, जान मोहम्मद शेख, मोहम्मद अमीर जावेद और मूलचन्द लाला हैं।
मस्कट के रास्ते पाकिस्तान पहुंचकर ली ट्रेनिंग
दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर नीरज ठाकुर ने बताया कि हमारे पास 10 टेक्निकल इनपुट थे। सबसे पहले महाराष्ट्र से एक आतंकी को पकड़ा गया। 2 आदमी दिल्ली से गिरफ्तार किये गये और इसके बाद उत्तरप्रदेश से 3 लोग गिरफ्तार किये गये। इनमें से 2 आतंकी अप्रैल में मस्कट गये थे। उन्हें मस्कट से बाय शिप पाकिस्तान ले जाया गया। वहां फार्म हाउस में रखकर विस्फोटक बनाने और एके-47 चलाने का 15 दिन की ट्रेनिंग दी गयी।
भीड़भाड़ वाले इलाके में त्यौहार के मौके पर करना था ब्लास्ट
नीरज ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार किये गये आतंकियों को 2 टीमों में बांटा गया था। इनमें से एक को दाऊद इब्राहिम का भाई अनीस इब्राहिम गाइड कर रहा था। आतंकियों की इस टीम का काम सीमा पार से हथियार लाना और उन्हें अलग-अलग राज्यों में भेजना था। यहीं टीम आने वाले त्यौहारी मौसम में आईआईडी प्लांट करने वाली थी। नवरात्रि और रामलीला के बीच भीड़ भरे इलाके इनके निशाने पर थे। पुलिस को शुरूआती पड़ताल मेें मालूम चला है कि हथियार लाने वाली टीम को सपोर्ट देने के लिये दूसरी टीम को हवाला के माध्यम से पैसा लाने और आतंकियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गयी थी। इसी टीम के ऊपर बाकी आतंकियों के लिये सपोर्ट सिस्टम तैयार करने की जिम्मेदारी थी।

