ग्वालियर में नए साल का जश्न चीख-पुकार में बदला, 18 से 20 हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
ग्वालियर. रविवार रात नए साल के जश्न की पार्टी में थिरकते लोगों का शोर अचानक चीख-पुकार में बदल गया। जश्न में घुसे 18 से 20 हमलावरों ने पार्टी वाले घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। जो सामने आया, उसे बेरहमी से पीटा। पुरुषों के साथ महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गाड़ियां तोड़ दीं। एक के पैर में कुल्हाड़ी मारी गई है। उसका पैर का पंजा लगभग अलग हो गया। हमलावर पुलिस में उनकी शिकायत करने से नाराज थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
छत के रास्ते अंदर पहुंचे और मारपीट करना शुरू कर दी
शहर के महाराजपुरा स्थित बीड़ी श्रमिक कॉलोनी निवासी अजय पुत्र दर्शन कड़ेरे प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं, जबकि उनके पिता एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं। रविवार रात वह अपने परिवार के साथ नए साल का जश्न मना रहे थे तभी पास ही रहने वाले डालचंद अपने बेटे मुकुल, हरज्ञान, श्याम, अजय वर्मा और गोविन्द तथा दो दर्जन अन्य लोगों के साथ उनके घर पर पहुंचे और गाली गलौज करते हुए पथराव कर दिया। जब अजय और उनके परिवार ने उनसे बचने के लिए खुद को घर में बंद किया तो हमलावरों ने उनके घर की तोड़फोड़ करने के साथ ही गेट तोड़ने का प्रयास किया। गेट नहीं टूटा तो छत के रास्ते अंदर पहुंचे और मारपीट करना शुरू कर दी। जब अजय ने हमलावरों का विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके पैर मे कुल्हाड़ी मार दी। जिससे उसका पैर कट गया। घर में जो मिला हमलावरों ने उसे पीटा। वो लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी लेकर घर में करीब 30 मिनट तक उत्पात मचाते रहे। उन्होंने घर में एक-एक सामान को तोड़ा है। किचन से लेकर पार्किंग में रखी गाड़ियों को भी तोड़ा है।
पुलिस का कहना
इस मामले में महाराजपुरा थाना प्रभारी पंकज त्याकी का कहना है कि मारपीट के शिकार घायलों को उपचार के लिए भर्ती करा दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

