कैप्टन अमरिंदर बना रहे पंजाब विकास पार्टी, सिद्धू के विरोधियों को मिलेगी जगह
पंजाब. कैप्टन अमरिंदर सिंह जल्द ही नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं। इस पार्टी का नाम पंजाब विकास पार्टी होगा। पार्टी की घोषणा से पहले अमरिंदर ने अपने करीबी नेताओं से संपर्क साध लिया है। इस पार्टी में नवजोत सिंह सिद्धू के विरोधियों को भी शामिल किया जाएगा। अमरिंदर को कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ी थी इसके बाद वह दिल्ली दौरे पर गए। यहां गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने कह दिया कि वो कांग्रेस में नहीं रहेंगे। उन्होंने भाजपा में जाने से भी इनकार किया था। अमरिंदर ने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद नवजोत सिद्धू पर बड़ा हमला किया था। कैप्टन ने कहा था कि वो सिद्धू को किसी भी कीमत पर जीतने नहीं देंगे। सिद्धू के खिलाफ मजबूत कैंडिडेट खड़ा करेंगे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा थ कि कैप्टन जल्द कोई नई पार्टी बनाएंगे।
अभी करीबियों को मिलाएंगे, बाद में नाराज नेता भी होंगे शामिल
फिलहाल अमरिंदर अपने करीबी नेताओं से मिलकर यह पार्टी बना रहे हैं। इसमें मंत्रिमंडल से बाहर हुए करीबी मंत्रियों के साथ संगठन से किनारे किए नेता शामिल होंगे। इसके बाद इसमें सिद्धू से नाराज नेता मिलाए जाएंगे। अंत में चुनाव के नजदीक आने पर कैप्टन के करीबी कांग्रेसियों की टिकट कटनी तय है। तब बाकी दावेदारों को पार्टी में शामिल कर मजबूत किया जाएगा। कैप्टन पूरी तरह से कांग्रेस को ही झटका देने के मूड में हैं।

