सपा के फाइनेंसर्स पर IT की रेड, दुबई और बेंगलुरू में मेडिकल कॉलेज
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के 3 बड़े नेताओं के ठिकानों पर एक साथ इनकम टैक्स की छापेमारी हुई है। मऊ में सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय, लखनऊ में जैनेंद्र यादव और मैनपुरी में मनोज यादव के घर छापे की कार्रवाई चल रही है। ये तीनों ही नेता सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बेहद करीबी है। ये पार्टी के फाइनेंसर माने जाते है। जैनेंद्र यादव अखिलेश के सीएम रहते हुए उनके ओएसडी भी रह चुके है। चुनाव के पूर्व हुई इस छापेमारी को सियासी एंगल से भी देखा जा रहा है। वहीं छापे के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि अभी तो इनकम टैक्स वाले ही आए है, ईडी और सीबीआई का आना बाकी है।
राजीव राय के दुबई व बेंगलुरू में कॉलेज
शनिवार सुबह करीब 7 बजे राजीव राय के मऊ में शहादतपुरा आवास पर छापे की खबर आई। राय 2014 मे लोकसभा चुनाव लड़ चुके है, राय के दुबई और बेंगलुरू में मेडिकल कॉलेज है। इनकम टैक्स की छापेमारी की खबर मिलते ही उनके समर्थक बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचे। वे भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
अखिलेश के ओएसडी रह चुके हैं जैनेंद्र यादव
इधर, लखनऊ में जैनेंद्र यादव के गोमती नगर आवास पर इनकम टैक्स की टीम पहुंची है। अखिलेश से करीबी होने की वजह से वे उनके ओएसडी बने थे। इसके बाद जैनेंद्र यादव ने रियल स्टेट में कदम रखा। आगरा लखनऊ और कई अन्य शहरों में जैनेंद्र की कई जमीने हैं। इसके अलावा इनकी मिनरल वाटर की फैक्ट्री भी है।
मनोज यादव लखनऊ के बड़े कारोबारी हैं
मैनपुरी में मनोज यादव के घर छापेमारी हुई है। वे आरएलसी ग्रुप के चेयरमैन हैं। वे लंबे समय से मैनपुरी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज हैं।

