रूस से गोवा आ रही फ्लाइट में बम की धमकी, सुरक्षा कारणों से उज्बेकिस्तान डाइवर्ट
गोवा. बम की धमकी के बाद रूस से गोवा आ रही चार्टर्ड फ्लाइट को शनिवार सुबह उज्बेकिस्तान डाइवर्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक, अजूर एयर की फ्लाइट ने रूस के पर्म इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गोवा के लिए उड़ान भरी थी। गोवा के सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर डाबोलिम एयरपोर्ट के डायरेक्टर के पास मेल भेजा गया था। इसमें लिखा था कि प्लेन में एक बम प्लांट किया हुआ है। अधिकारी के मुताबिक प्लेन में बम होना का मेल मिलते ही इसे भारत के एयरस्पेस में घुसने से पहले ही डायवर्ट कर दिया गया था। यह फ्लाइट डाबोलिम एयरपोर्ट पर सुबह 4 बजकर 15 मिनट पर पहुंचने वाली थी। वहीं डायवर्ट किए जाने के बाद इसने साढ़े 4 बजे उज्बेकिस्तान में लैंड किया। प्लेन में 238 पैसेंजर और सात क्रू मेंबर सवार हैं। यात्रियों में दो नवजात और 7 क्रू मेंबर होने की जानकारी भी मिली है।

विमान में बम लगाए जाने की जानकारी थी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान को सुबह सवा चार बजे दक्षिण गोवा के डाबोलिम हवाईअड्डे पर उतरना था। उन्होंने कहा कि अज़ूर एयर की फ्लाइट उड़ान (AZV2463) को भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही डायवर्ट कर दिया गया। कारण, डाबोलिम एयरपोर्ट के डायरेक्टर द्वारा 12.30 बजे एक ईमेल मिलने के बाद डायवर्ट करने की सूचना दी। ईमेल में विमान में बम लगाए जाने की जानकारी थी।
11 दिनों में दूसरी घटना
बता दें कि 11 दिनों में रूसी एयरलाइंस एजूर की फ्लाइट के साथ यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 9 जनवरी की देर रात भी मॉस्को से गोवा जा रहे Azur एयरलाइंस के विमान की गुजरात के जामनगर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। दरअसल, विमान में बम होने की खबर गोवा के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को ई-मेल के जरिए मिली थी। गोवा एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए तुरंत ही विमान के पायलट से संपर्क किया और फ्लाइट को पास के एयरपोर्ट पर लैंड कराने के लिए कहा।

