मप्र विधानसभा उप चुनाव में चारों सीटों के पैनल दिल्ली भेजे, आज रात या कल सुबह नाम की घोषणा होगी
भोपाल. मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट सहित 3 विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी के उम्मीदवारों की घोषणा मंगलवार रात को या फिर बुधवार को होगी। प्रदेश संगठन ने मंगलवार दोपहर को चारों सीटों के लिए दावेदारों का पैनल बना कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेज दिया। इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि उम्मीदवारों के नाम तय है सिर्फ घोषणा होना बाकी है। चारों सीटों पर उम्मीदवार नवरात्र के पहले दिन 7 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगें।
जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने खंडवा लोकसभा सीट के अलावा पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा से 2-2 नामों का पैनल दिल्ली भेज दिया है। पैनल पर सहमति बनाने के लिए सीएम शिवराज सिंह, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कई दौर की बैठकें की थी। पैनल तैयार करने से पहले संगठन स्तर पर चुनाव प्रभारियों और स्थानीय नेताओं की राय ली गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पार्टी वंशवाद और परिवारवाद से सर्वथा दूर रहकर टिकट का चयन करती है। पार्टी विचार करती है, फिर फैसला करती है। बीजेपी ही एक ऐसी पार्टी है, जहां न कोई अलग नाम जाते हैं, न कोई गुटबाजी है। हमारी पार्टी ऐसी है जो कार्यकर्ता के बारे में विचार करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का स्थानीय नेतृत्व, प्रदेश और केन्द्रीय नेतृत्व से चर्चा करता है। केन्द्रीय नेतृत्व अंतिम रूप से नाम फाइनल करता है।
शिवराज- वीडी शर्मा दाखिल कराएंगे नामांकन
चारों सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार 7 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खंडवा लोकसभा क्षेत्र से घोषित होने वाले प्रत्याशी का नामाकंन भरवाने जा सकते हैं। इसी तरह प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी विधानसभा के तीन में किसी एक उम्मीदवार के नामांकन दाखिले के दौरान मौजूद रहेंगे।

