भीम आर्मी का ग्वालियर बन्द-पदोन्नति में आरक्षण और सीएए को लेकर
ग्वालियर. नागरिकता संशोधन कानून और प्रमोशन में आरक्षण को लेकर भीम आर्मी ने रविवार को शहर बंद का आह्वान किया है। भीम आर्मी के साथ एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग के जो संगठन इस बंद का समर्थन कर रहे है उनके प्रमुख नेताओं को पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने पुलिस कंट्रोल रूम में बुलाया। इनके साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि अगर कोई भी प्रतिष्ठान, संस्थान जबरन बंद कराया तो सख्त कार्रवाई होगी। बंद का आह्वान करने वालों ने आश्वासन दिया कि जबरन बंद नहीं करायेंगे।
नेताओं को पुलिस कंट्रोल रूम में बुलाया
पिछले तीन दिन से सोशल मीडिया में भारत बंद को लेकर भीम आर्मी के नाम से मैसेज वायरल हो रहा है इसके चलते शनिवार को भीम आर्मी, ओबीसी महासभा और कौमी एकता संगठन सहित कुछ अन्य संगठन के नेताओं को पुलिस कंट्रोल रूम में बुलाया गया। एडीएम किशोर कन्याल, एएसपी सतेंद्र तोमर और एएसपी पंकज पांडे सहित अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद थे। बैठक में निर्देश दिए गए कि जबरन बंद करने पर पुलिस सख्ती से निपटेगी। संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा कि कानून का उल्लंघन नहीं किया जाएगा। वहीं प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाह का कहा कि जिन संगठनों ने बंद का आह्वान किया है उनको हमारा समर्थन नहीं है और सभी सवारी वाहन चलेंगे।
सुरक्षा में 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे
पुलिस ने डबरा, थाटीपुर के भीम नगर, साठ फुटा रोड़, नदीपार टाल रोड, अंबेडकर नगर सिमरिया गांव पर सबसे ज्यादा फोकस किया है। यहां सुरक्षा में 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पेट्रोलिंग करेंगी।
सराफा बाजार खुलेगा- अध्यक्ष लश्कर सराफा एसोसिएशन
हमारे पास ना तो बंद की सूचना है और यह भी नहीं पता कौन सा संगठन बंद करवा रहा है। सराफा बाजार रोज की तरह खुला रहेगा।

