बिना हेलमेट के मिल रहा है पेट्रोल, कलेक्टर के आदेश हवा हवाई
भोपाल. कलेक्टर के आदेश था बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा। 30 जुलाई को कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने यह आदेश दिये हैं 31 जुलाई को पेट्रोल को पेट्रोल पंप संचालकों के पास आदेश पहुंचे और 1 अगस्त से लागू कर दिया है। पहले दिन सख्ती, समझाइश और कार्यवाही तीनों ही हुई है। जुर्माने या पंप सील होने की कार्यवाही के डर से अधिकांश पंप पर बिना हेलमेट के पट्रोल नहीं दिया गया। लेकिन अगले ही दिन आदेश हवा-हवाई हो गया।
हमारी टीम ने 5 पेट्रोल पंपों की जांच-पड़ताल की, इनमें से 4 ऐसे पेट्रोल पंप मिले जहां पर कर्मचारी ऐसे दो पहिया वाहनों में पेट्रोल भर रहे थे। जिनके चालक हेलमेट नहीं लगाये थे। सिर्फ एक पंप ने ही आदेश का सख्ती से लागू किया और कलेक्टर सिंह ने कहा है कि बिना हेलमेट के पेट्रोल देने वाले पंप मालिकों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।
इस पंप पर दिखाई दी सख्ती का असर
टीम जब बिट्टन मार्केट स्थित अरेरा पेट्रोल पंप पर पहुंची तो यहां पर आदेश का पालन होते हुए दिखाई दी। जो लोग बिना हेलमेट लगाये पेट्रोल लेने पहुंचे थे। उन्हें पेट्रोलनहीं दिया गया और साथ ही पंप पर हेलमेट की अदला-बदली करने वालों को सख्त हिदायत दी गयी कि ऐसा करने पर भी पेट्रोल नहीं दिया जायेगा। एक कर्मचारी लगातार अनाउंस भी कर रहा था। पम्प के मैनेजर नामदेव बारस्कर ने कहा है कि हम कल से ही बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दे रहे हैं। आज भी आदेश का पालन कराया जा रहा है।

