ग्वालियर में उमा भारती का बड़ा बयान, बोलीं मुझे चुनाव लड़ना नहीं लड़वाना है
ग्वालियर. ग्वालियर में प्रवास पर पहुंची पूर्व सीएम उमा भारती ने एक बार फिर अपने अंदाज में बयान दिया है। उन्होंने मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा है कि मुझे यहां चुनाव लड़ना नहीं है लड़वाना है। उन्होंने सिंधिया के गढ़ में आकर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक बार फिर ‘हीरा’ कहा है। पूर्व सीएम उमा भारती ग्वालियर किला स्थित सिंधिया बॉयज स्कूल फोर्ट में पढ़ रहे अपने भतीजे से मिलने ग्वालियर पहुंची थीं। मीडिया से बातचीत में उमा भारती ने कांग्रेस के 150 सीटों के साथ मप्र में सरकार बनाने के दावे पर कहा कि मैं क्या बोल सकती हूँ, कांग्रेस के दावे पर। उनको भी चुनाव लड़ना है तो कुछ तो बोलना है। लेकिन सरकार मध्य प्रदेश में हमारी ही बनेगी। अब तो हमारे पास सिंधिया जैसा हीरा भी है। यह कहते हुए उन्होंने सिंधिया से भाजपा को फायदा होने की बात कही।
लोकसभा चुनाव के लिए कई राज्यों से ऑफर है
चुनाव लड़ने के सवाल पर पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि उन्हें कई राज्यों से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऑफर है। उन्होंने कहा मैं समय आने पर इस संबंध में बताऊंगी। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर हंसते हुए उन्होंने कहा कि क्या बात करते हो आप लोग मैं तो मप्र में चुनाव लड़वाउंगी।

