ग्वालियर में 12 प्रतिशत तक वैक्सीन बर्बाद, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक ने कलेक्टर को पत्र भेजकर वेस्टेज कम करने के लिए कहा
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में ग्वालियर में कोरोना वैक्सीन का वेस्टेज काफी अधिक है, यह खुलासा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की 15 जुलाई की रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार ग्वालियर में कोविशील्ड का वेस्टेज 3.32 प्रतिशत है जबकि राज्य में औसत वेस्टेज 1.04 प्रतिशत है।
ऐसे ही कौवैक्सीन का जिले में वेस्टेज सर्वाधिक 12.4 प्रतिशत है। इसका राज्य में औसत वेस्टेज 2.13 प्रतिशत है। मिशन संचालक छवि भारद्वाज ने रिपोर्ट के आधार पर ही कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को पत्र भेजकर कहा है कि वे वेस्टेज कम करने मॉनिटरिंग करें इसके साथ ही वैक्सीन यूटिलाइजेशन रिपोर्ट भरने वाले स्टाफ को ट्रेनिंग दिलावाएं।
सीएमएचओ ने कहा पोर्टल पर फीडिंग में कमी व देरी के कारण वेस्टेज ज्यादा दिखाई दे रहा है
सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्म का कहना है कि व्हीयूआर (वैक्सीन यूटिलाइजेशन रिपोर्ट) फार्मेट में कोविन पोर्टल पर फीडिंग की जाती है। इसमें कुछ कमी व देरी के कारण ही जिले में वेस्टेज ज्यादा दिखाई दे रहा है जबकि हकीकत ऐसी नहीं है। हमारे यहां अन्य जिलों की तुलना में वैक्सीन का वेस्टेज काफी कम है।

