कम्पू खेल परिसर से कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया रैली को रवाना
ग्वालियर -शहरवासी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भाग लेने आ रहे खिलाड़ियों के स्वागत और हौसला अफजाई के लिये आतुर हैं। खेलो इंडिया के प्रति शहर में सकारात्मक वातावरण बनाने के उद्देश्य से आयोजित हो रहीं गतिविधियों में शहरवासी और खेलप्रेमी जनता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। इसी कड़ी में शहर भर में खेलो इंडिया का संदेश पहुँचाने के लिये शुक्रवार को “टॉर्च रिले” का आयोजन हुआ। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने कम्पू खेल परिसर से मशाल सौंपकर इस रैली को रवाना किया। रैली में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुभंकर आशा चीता भी शहरवासियों में खेलों के प्रति जोश भरने के लिये शामिल रहीं।
अलख जगाने निकली “टॉर्च रिले”
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत “टॉर्च रिले” जिला खेल परिसर कम्पू से शुरू होकर बाड़ा, राम मंदिर चौराहा, फालका बाजार, शिंदे की छावनी, फूलबाग चौराहा, लक्ष्मीबाई समाधि स्थल व सिंधिया कन्या विद्यालय होते हुए आकाशवाणी चौराहा तक पहुँची। इस रैली में जगह-जगह पर शाउमावि गजराराजा, शाउमावि गोरखी, सराफा हाईस्कूल, कार्मल कॉन्वेंट, शाउमावि जीवाजीराव व शिंदे की छावनी, जिला फुटबॉल संघ, एमएलबी स्कूल मुरार, महिला पॉलीटेक्निक, सिंधिया कन्या विद्यालय, सेंट पॉल हाईस्कूल पड़ाव व केन्द्रीय विद्यालय क्र.-1 के विद्यार्थी शामिल हुए।

