SP की जनसुनवाई में महिला ने पिया फिनाइल, नाबालिग बेटा-बेटी के साथ गलत हरकत की शिकायत नहीं लिखने से थी परेशान
ग्वालियर. मंगलवार की दोपहर पुलिस जनसुनवाई में पहुंची एक 35 वर्षीय की महिला ने फिनाइल पी लिया। आनन-फानन में महिला को उपचार के लिये जेएएच के पॉइजन वार्ड भर्ती कराया गया है। महिला काफी समय से अपने और बच्चों के साथ हुई गलत हरकत को लेकर मामला दर्ज कराने के लिये माधौगंज थाना और महिला थाने के चक्कर काट रही थी। लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही थी।
जब महिला का सब्र टूट गया तो उसने मंगलवार को एसपी ऑफिस में चल रही जनसुनवाई में पहुंचकर यह कदम उठाया। अब इस घटना पर पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह महिला को बुला रहे थे। लेकिन वह नहीं आ रही थी।
क्या है मामला
दिल्ली निवासी 35 वर्षीय महिला की शादी साल 2009 में सिकंदर कंपू निवासी युवक से हुई थी। महिला के दो बच्चे हैं। जिसमें बेटी की उम्र 15 साल है और बेटे की उम्र 13 साल है। साल 2021 में महिला के पति का देहांत हो गया था, तभी से महिला मजदूरी कर बच्चों का पालन पोषण कर रही थी। महिला ने बताया है कि चार साल पहले दिल्ली से उसके पहचान वाले आशीष मेहता व पुनीत कुमार आए थे। वह बच्चों को दिल्ली पढ़ाई और काम के लिए ले गए थे। लेकिन रास्ते और दिल्ली पहुंचकर हमारा शारीरिक शोषण किया था। बच्चों के साथ गलत हरकत की थी। जिसके बाद मैं अपने बच्चों को वापस ले आई थी। उसी मामले में मैं लगातार माधौगंज थाना और महिला थाना के चक्कर लगा रही थी। पर पुलिस मेरी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था। बार-बार माधौगंज थाना से भगा दिया जाता था। महिला का कहना है कि वह परेशान हो चुकी थी।
जनसुनवाई पहुंचकर पी लिया फिनाइल
मंगलवार का महिला अपने बेटा-बेटी के साथ एसपी की जनसुनवाई में पहुंची। यहां महिला ने शिकायत की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर उसने साथ लायी फिनाइल की बोतल खोली और पी लिया। यह देख वहां मौजूद पुलिस जवान व अधिकारियों के हाथ पांव फूल गये। आनन-फानन में महिला और उसके बच्चों को तत्ताकल पुलिय वाहन से जेएएच पहुंचाया गया है। जहां महिला को पॉइजन वार्ड में भर्तीै कर लिया गया है।

