MP को जाम से मिलेगी राहत, 1146 किमी लंबी 15 सड़कों की चौड़ाई बढ़ाएगा MPRDC
ग्वालियर. चंबल-ग्वालियर संभाग सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों की 1146 किमी लंबी 15 मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (एमडीआर) की चौड़ाई बढ़ाने की कवायद की जा रही है। मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एमपीआरडीसी) के अधीन आने वाली इन सड़कों में से 13 को टू लेन विद पेव्ड शोल्डर और दो सड़कों को फोरलेन करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इसमें देखा जाएगा कि किस सड़क की चौड़ाई कितनी बढ़ाई जा सकती है। सर्वे के बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।
सर्वे के दायरे में प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिले
एमपीआरडीसी ने प्रदेश की जिन 15 सड़कों के सर्वे का पैकेज तैयार किया है, उनमें भोपाल बायपास, खंडवा, धार, राजगढ़, देवास, शाजापुर, छतरपुर, टीकमगढ़, भिंड से उत्तर प्रदेश बॉर्डर, रीवा, सीधी, मऊगंज, नरसिंहपुर, सिवनी और बालाघाट जिलों के गांवों से गुजरने वाली मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड शामिल हैं। इनमें चंबल संभाग की भिंड-भरौली-अमायन-लहार-सुंदरपुरा होते हुए उत्तर प्रदेश बॉर्डर तक की रोड भी शामिल है। फिलहाल सर्वे एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
एजेंसी सुझाएगी निर्माण का उचित मॉडल
एजेंसी सर्वे के साथ यह सुझाव भी देगी कि चौड़ीकरण का काम किस मोड पर कराया जाना उचित होगा। उदाहरण के तौर पर डिजाइन बिल्ट फाइनेंस ऑपरेट एंड ट्रांसफर (डीबीएफओटी), इंजीनियरिंग प्रिक्योरमेंट कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) और हाइब्रिड एन्युटी मोड (हेम) मॉडल के विकल्प दिए गए हैं।

