MP में हजारों कर्मचारियों को नहीं मिल रहा वेतन, आंदोलन की चेतावनी
भोपाल. दैनिक वेतन भोगी, स्थायी कर्मी, सुरक्षा श्रमिक, कार्यभारित, अंशकालीन कर्मचारियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच लगातार कर्मचारियों के वेतन, पेंशन, पीएफ के लिए संघर्ष कर रहा है। पिछले छह माह से अधिक समय से प्रदेश के अधिकांश जिलों में आदिम जाति कल्याण विभाग के दैवेभो कर्मियों को वेतन नहीं मिला है, इसके लिए भी संगठन की ओर से लगातार शासन को ज्ञापन सौपकर और विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच की स्थापना 1990 में हुई थी। संगठन की ओर से दैनिक वेतन भोगी और अल्प वेतन पाने वाले कर्मचारियों को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी जा रही है।
अगस्त में शुरू करेंगे हल्ला बोल आंदोलन
संगठन की ओर से कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर हल्ला बोल आंदोलन की शुरुआत अगस्त में की जाएगी। इसके लिए जुलाई माह में भोपाल समेत प्रदेश भर के कार्यालयों में कर्मचारियों को संगठित करने जागरुकता कार्यक्रम चलाया जाएगा, साथ ही अगले माह होने वाले आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
शोषण के खिलाफ जंग
प्रदेश में दैवेभो, कार्यभारित, अंशकालीन कर्मचारी शोषण का शिकार हो रहे हैं। इसके लिए हम लगातार आवाज उठा रहे है। 2004 में 28 हजार दैवेभो कर्मियों की जो बर्खास्तगी हुई थी उसके लिए लड़ाई लड़ी और जीते। साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अगले माह आंदोलन भी शुरू कर रहे हैं।
–अशोक पांडे, प्रदेश अध्यक्ष मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच

