LatestNewsराज्य

मंडला के कई गांवों में बाढ़, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा

भोपाल. गुरुवार को कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मंडला के बिछिया इलाके में लगातार बारिश से कई गांवों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। होमगार्ड जवान यहां मौजूद हैं। अब तक 70 लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया जा चुका है। शिवपुरी में ग्रामीण बच्चों और महिलाओं को गोद में उठाकर उफनती सिंध नदी पार करवा रहे हैं। शिवपुरी के कोलारस में कई गांव जलमग्न हो गए हैं। बारिश का पानी स्कूल, मंदिर और घरों में घुस गया है। निवाड़ी के ओरछा में भी भारी बारिश हो रही है। उमरिया में कथली नदी का पानी पुल तक पहुंच गया है। जिले में महानदी में भी पानी बढ़ गया है।
प्रदेश के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के 17 जिलों में गुरुवार को अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। ग्वालियर-चंबल संभाग के 4 जिले भी भीगेंगे। स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से ऐसा होगा। भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत अन्य जिलों में भी बारिश का यलो अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट है, उनमें पन्ना, दमोह, मैहर और कटनी शामिल हैं। यहां 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिर सकता है। श्योपुर, शिवपुरी, भिंड, गुना, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, जबलपुर, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, मऊगंज, रीवा और सतना में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *