MP में रह रहे रोहिंग्या मुसलमानों का सर्वे होगा, ग्वालियर सहित इन 8 जिलों पर खास फोकस
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में पुलिस और राज्य की खुफिया एजेंसियों की ओर से रोहिंग्या मुसलमानों का सर्वे किया जाएगा। आठ जिलों ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, रतलाम, मंदसौर, खरगोन, जबलपुर व श्योपुर में सर्वे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन जिलों में प्रतिबंधित संगठन सिमी के सदस्य और आईएसआई एजेंट पकड़े जाने के मामले पहले भी सामने आए हैं। यहां प्रवासियों की संख्या अधिक है इसलिए इन्हें अधिक संवेदनशील माना गया है।
वापस बांग्लादेश और म्यांमार भेजा जाएगा
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा बांग्लादेश व म्यांमार के अवैध प्रवासियों को खोज कर रोहिंग्या मुसलमानों इन्हें वापस भेजने की कवायद फिर से तेज कर दी गई है। इस संबंध में मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पत्र भेजा गया है। इसके बाद मध्य प्रदेश में पुलिस और खुफिया एजेंसियां मिलकर सर्वे में जुट गई हैं। बुधवार को प्रदेश पुलिस के इंटेलिजेंस विभाग द्वारा सभी पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक भी की गई। सर्वे के लिए ऐसी बस्तियों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां प्रवासियों की संख्या अधिक है।
सर्वे में यह किया जाएगा
प्रवासी जहां अधिक हैं, उन इलाकों को चिन्हित कर सभी के दस्तावेज की जांच की जाएगी। यहां डोर- टू-डोर सर्वे होगा। जो संदिग्ध लगेंगे, उन्हें निगरानी में लेकर खुफिया एजेंसियों की सहायता से उनके बारे में पड़ताल की जाएगी। दूसरे राज्यों खासकर बंगाल, झारखंड, बिहार और कश्मीर से आए लोगों के दस्तावेज की जांच होगी। उनके मूल पते का वेरिफिकेशन होगा। सभी के फिंगरप्रिंट भी लिए जाएंगे। बाहर से आकर यहां नागरिकता लेने वालों की जांच होगी।

