फिर डरा रहा कोरोना, अस्पतालों में किए किए जा रहे जरूरी इंतजाम
ग्वालियर. हांगकांग और सिंगापुर के बाद भारत में तेजी से पैर पसार रहे कोरोना वायरस के नए वेरिएंट के जहां अबतक 257 मामले सामने आ चुके है। हालात ये हैं कि, बीते 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश से सटे छत्तीसगढ़ में भी कोरोना संक्रमित केस सामने आया है। ऐसे में कोरोना के संभावित खतरे को मद्देनजर रखते हुए एक बार फिर एमपी में भी अलार्मिंग घंटी बजने लगी है। इसी के चलते सूबे के ग्वालियर शहर के गजरा राजा मेडिकल कॉलेज में वायरोलॉजिकल लैब को एक्टिव कर लिया गया है। इसके अलावा जेएच अस्पताल, जिला अस्पताल मुरार, सिविल हॉस्पिटल में कोरोना से संबंधित जरूरी इंतजाम किए कर लिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि, जल्द ही प्रशासन की ओर से इस संबंध गाइडलाइन भी जारी कर दी जाएगी।
24 घंटे के सामने आए अपडेट के मुताबिक, देशभर में कोरोना के 257 नए मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना का यह नया वेरिएंट जेएन-1 और जेएफ-7 की भारत मे एंट्री के साथ स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। डब्ल्यूएचओ ने पहले ही जेएन-1 को वेरियंट ऑफ इंटरेस्ट घोषित किया है। लिहाजा, मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गजरा राजा मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत सभी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को अलर्ट किया गया है।
साथ ही, सबसे जरूरी वायरोलॉजिकल लैब भी तैयार की जा चुकी है। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ के अनुसार, 2020 में कोविड के दौर ने सभी स्टाफ को वेल ट्रेंड किया है। अब वो कोविड वॉरियर्स बन चुके हैं। ऐसे में हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। हालांकि, अभी कोई गाइडलाइन सामने नहीं आई है। जैसे ही जरूरी गाइडलाइन मिलती है, उस हिसाब से इंतजामों को और बेहतर किया जाएगा।

