IITM हॉस्टल के छात्रों ने एक छात्र के साथ की मारपीट, मोबाइल फोन तोड़ दिया
ग्वालियर. IITM कॉलेज के हॉस्टल में रहने वालों छात्रों ने कॉलेज में पढ़ने आये छात्र से अभद्रता करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। उसका आईफोन भी तोड़ दिया है। घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर लिया है। मारपीट करने वाले छात्रावास से फरार हो गये है। जिनकी पुलिस तेजी से तलाश कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं मारपीट रैगिंग का मामला तो नहीं है।
टीआई थाना विश्वविद्यालय रविन्द्र जाटव ने बताया कि आशीष चौहान पुत्र रामकिशोर चौहान निवासी लाइन नम्बर 4 बिरलानगर आईआईटीएम कॉलेज में पढ़ाई करता है। शनिवार की दोपहर 12 बजे आशीष का झगड़ा अर्पित गौतम, आदित्य यादव, हर्षित यादव और प्रयांशु शर्मा से हो गया। यह चारों छात्रों आईआईटीएम कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं। अर्पित गौतम, आदित्य यादव, हर्षित यादव और प्रयांशु शर्मा ने आशीष चौहान का पहले रास्ता रोक लिया और उससे झगड़ा करने लगे। उसको गालियां देने लगे, जब उसने गाली गलौज और अभद्रता करने का विरोध किया तो उससे विवाद करने लगे। आशीष ने जब अभद्रता करने और झगड़ा करने से मना किया तो चारों छात्रों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट कर एपल कंपनी का मोबाइल तोड़ दिया
मारपीट के दौरान हमलावर छात्रों ने छात्र आशीष का एपल कंपनी का मोबाइल निकाल लिया और उसे तोड़ दिया। छात्र ने काफी रोका, लेकिन हमलावर एक सुनने को तैयार नहीं थे। इसके बाद छात्र को जान से मारने की धमकी दी। छात्र ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने छात्र का मेडिकल कराने के बाद हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। टीआई विश्वविद्यालय रविन्द्र कुमार ने बताया- कॉलेज परिसर में मारपीट हुई थी। आपसी विवाद था, जिस पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, आगे की कार्रवाई की जाएगी।

