CM शिवराज सिंह की नाराजगी के बाद शाजापुर एसपी पंकज श्रीवास्तव को हटाया
शाजापुर. वर्चुअल मीटिंग में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शाजापुर एसपी पंकज श्रीवास्तव को जमकर फटकार लगाई। मुख्यमंत्री की नाराजगी के कुछ घंटे बाद ही एसपी को शाजापुर से हटा दिया गया। उज्जैन पीटीएस एसपी जगदीश डाबर को शाजापुर एसपी बनाया गया है। जिले में लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों को लेकर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की थी। मीटिंग में स्कूल शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार, कलेक्टर दिनेश जैन के साथ ही जिले के विधायक भी शामिल रहे।
आईपीएस पंकज श्रीवास्तव कांग्रेस सरकार के समय जून 2019 में शाजापुर जिले में बताैर एसपी पदस्थ किए गए थे। अब उन्हें गुना एसपी बनाया गया है। बता दें कि गुना में हाल ही में शिकारियों द्वारा तीन पुलिसकर्मियों की हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद वहां के एसपी राजीव मिश्रा को हटा दिया गया था। अब एसपी पंकज श्रीवास्तव को गुना की कमान दी गई है। एेसे में आईपीएस श्रीवास्तव के सामने पुलिस का मनोबल बढ़ाना ही सबसे बड़ी चुनाैती होगा। इधर, शाजापुर में एसपी पंकज श्रीवास्तव के कार्यकाल में भी पुलिस पर हमले के आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। वहीं चोरी की वारदातों पर लगाम नही लगा पाने को लेकर तो मुख्यमंत्री ही नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।

