ग्वालियर में मणप्पुरम फाइनेंस से कस्टमर का गिरवी रखा करोड़ों का सोना गायब
ग्वालियर. विनय नगर में संचालिक मणप्पुरम फाइनेस लिमिटेड कंपनी में 18 कस्टमर का रखा करीब 1.92 करोड रुपए का सोना गायब कर दिया गया है। घटना 4 जुलाई से 8 सितंबर 2021 के बीच की है। लॉकर और रूम की चाबी सिर्फ ब्रांच मैनेजर व असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर पर रहती थी। करीब 4297.70 ग्राम सोने को खुर्दबुर्द किया गया है। अभी हाल ही में जब कंपनी के हेड ऑफिस से ऑडिटर ने आकर ऑडिट किया तो यह खुलासा हुआ है। अपने स्तर पर जांच करने के बाद कंपनी के यूपी आगरा के रीजनल मैनेजर ने लिखित शिकायत ग्वालियर पुलिस को की थी। जिसके बाद पुलिस ने तत्कालीन मैनेजर रिषी कुमार गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तत्कालीन मैनेजर की तलाश की जा रही है।
यह है पूरा मामला
मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड कंपनी की बहोड़ापुर विनय नगर स्थित ब्रांच के कुछ अफसरों ने सांठगांठ कर कई कस्टमर का विश्वास में गिरवी रखे सोना को हड़प लिया है। हाल ही में कंपनी की ओर से सभी ब्रांच का ऑडिट कराया गया था। ग्वालियर में कंपनी की ओर से सीनियर ऑडिटर राजेश शर्मा ने ऑडिट किया था। ऑडिट के दौरान एक बहुत बड़ा खुलासा हुआ है। ब्रांच के रिकॉर्ड में कस्टमर का जितना सोना रखा बताया गया है। फिजिकल वैरीफिकेशन में उसमें से 4297.70 ग्राम सोना मिसिंग था। ऑडिट रिपोर्ट के बाद जांच कराई गई तो सामने आया कि लॉकर से 18 कस्टमर के 18 पैकेट सोने के गायब हैं। ऑडिट में यह भी पता लगा कि यह घोटाला 4 जुलाई 2021 से 8 सितंबर 2021 के बीच में हुई है। कस्टमर का गोल्ड जिस लॉकर व सिक्युरिटी रूम मंे रखा जाता है उसकी दो चाबियां होती हैं। एक ब्रांच मैनेजर व दूसरी असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर के पास रहती हैं। साथ ही लॉकर का पासवर्ड सिर्फ मैनेजर को ही पता होता था। नियम के मुताबिक वह इसे कहीं लिखकर भी नहीं रख सकता। कौनसा कस्टमर कितना सोना गिरवी रखकर गया है और उसके लॉकर का नंबर क्या है। यह जानकारी मैनेजर को ही रहती है। जिस समय यह 1.92 करोड़ का सोना खुर्दबुर्द किया गया है। उस समय तत्कालीन ब्रांच मैनेजर रिषी कुमार गुप्ता थे। उसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

