CM ने मुरैना में किया अटल प्रतिमा का अनावरण, कहा चंबल नदी में छोड़ेंगे घड़ियाल
मुरैना. प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज मुरैना जिले के दौरे पर है। वह दोपहर करीब 12:45 बजे पांचवी बटालियन स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, यहां कृषि मंत्री एदल सिंह का कंसाना, मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा सहित स्थानीय नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह कार से सीधे मुरैना शहर के बैरियर चौराहे पर पहुंचे, यहां उन्होंने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी माैजूद रहे। इस दौरान उन्होंने आम सभा को संबोधित किया। सभा के बाद सीएम हेलीपैड की ओर जा रवाना हुए। यहां से वह सीधा राजघाट पहुंचेंगे। वहां चंबल नदी में घड़ियालों को छोड़ेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे करहधाम आश्रम पहुंचेंगे।
पूरा हिंदुस्तान कांग्रेस के ऊपर हंस रहा
कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कहा कि 1999 में जब अटल जी की सरकार एक वोट से गिरी थी, तो कांग्रेस के लोग उनके ऊपर हंसते थे। अटल जी ने उस समय कहा था कि आज तुम हंस रहे हो, एक समय पूरा हिंदुस्तान तुम पर हंसेगा। आज वहीं हो रहा है, पूरा हिंदुस्तान कांग्रेस के ऊपर हंस रहा है। वहीं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने सभी को एक दूसरे से जोड़े रखा है। उन्होंने हमेशा से सभी का सम्मान किया और उनका भी सभी बहुत सम्मान करते थे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भी संबोधित किया।

