MP इस साल भी IPL की मेजबानी नहीं करेगा
भोपाल. मध्यप्रदेश को 2018 के बाद लगातार सातवें साल आईपीएल का एक भी मैच नहीं मिला है। आईपीएल की मेजबानी न मिलने से यहां के फैंस मायूस नजर आ रहे हैं। पिछले साल 14 जनवरी को यहां के होलकर स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच टी-20 मैच के बाद यह माना जा रहा था कि 2025 के शेड्यूल में इंदौर को एक मैच जरूर मिल सकता है। इंदौर के होलकर स्टेडियम में अब तक नौ अंतर्राष्ट्रीय मैच और इतने ही आईपीएल मैच हो चुके हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2025 के कार्यक्रम की घोषणा 16 फरवरी को की है। आईपीएल 22 मार्च से शुरू होगा और फाइनल 25 मई, 2025 को खेला जाएगा। इस बार आईपीएल में 74 मैच 13 शहरों में खेले जाएंगे। इसमें 12 डबल-हेडर (एक ही दिन, एक ही स्टेडियम में दो मैच) शामिल होंगे। ये मैच दोपहर 3:30 बजे और शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे। पहला मैच पिछले चैम्पियन केकेआर और आरसीबी के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन में होगा। फाइनल मैच भी कोलकाता में ही खेला जाएगा।
इन 13 शहरों में खेले जाएंगे मैच
हैदराबाद, चेन्नई, विशाखापट्नम, अहमदाबाद, नई दिल्ली, गुवाहाटी, जयपुर, चंडीगढ़, धर्मशाला, कोलकाता, मुंबई, लखनऊ, बैंगलुरु।

