LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

दुबई रवाना हुए CM मोहन यादव, निवेशकों को देंगे GIS का न्योता

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को चार दिवसीय दुबई दौरे पर रवाना हो गए। वे 6 से 9 सितंबर तक ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश-दुबई 2026’ के तहत संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और वैश्विक कारोबारी नेतृत्व से सीधे संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्यप्रदेश में नए निवेश, व्यावसायिक साझेदारियों और दीर्घकालिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दुबई में मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस-2026 में भी शामिल होंगे। यहां मध्यप्रदेश पवेलियन के जरिए प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसर, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री विभिन्न देशों के नीति-निर्माताओं और यूएई के शीर्ष कारोबारी नेतृत्व से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

दिल्ली एयरपोर्ट पर सीएम डॉ. मोहन यादव। - Dainik Bhaskar
पहले दिन प्रवासी भारतीयों से संवाद
दुबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का प्रवासी भारतीय समुदाय द्वारा स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) स्टॉल का उद्घाटन करेंगे। इसमें बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात करेंगे। साथ ही अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।
500 बड़े निवेशकों के बीच रखेंगे मध्यप्रदेश का पक्ष
दुबई दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें करीब 500 संप्रभु संपदा कोष, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी से भी मुलाकात करेंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *