LatestNewsराष्ट्रीय

मतदाताओं तक संदेश पहुँचायें मतदान केन्द्र पर रहेंगे कोविड से बचाव के पुख्ता इंतजाम – सुदीप जैन

ग्वालियर हर मतदाता तक यह संदेश पहुँचाएँ कि कोविड संक्रमण को ध्यान में रखकर हर मतदान केन्द्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे मतदाताओं में विश्वास कायम हो और वे निर्भीक होकर मतदान कर सकें। इस आशय के निर्देश भारत निर्वाचन आयोग के उपआयुक्त सुदीप जैन ने ग्वालियर एवं चंबल संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराने के लिये हर मतदान केन्द्र पर सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने के साथ-साथ जरूरत के मुताबिक वेब कास्टिंग करने पर भी विशेष जोर दिया।
उप निर्वाचन आयुक्त ने कहा कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ मतदाताओं की सुरक्षा के लिये भी पर्याप्त सुविधायें मुहैया कराई जा रही हैं। वोट डालने के लिये आने वाले हर मतदाता को हैण्ड ग्लब्स मुहैया कराए जायेंगे। साथ ही सेनेटाइजर] मास्क व थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी हर केन्द्र पर रहेगी। सम्पूर्ण मतदान केन्द्र परिसर को सेनेटाइज भी कराया जायेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखकर किए गए सुरक्षा इंतजामातों की जानकारी मतदाताओं तक भी पहुँचायें] जिससे वे मतदान के लिये प्रेरित हों। श्री जैन ने जानकारी दी कि मतदान दलों को पीपीई किट भी मुहैया कराई जायेंगीं। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिये प्रभावी ढंग से स्वीप गतिविधियां चलाने की बात भी उन्होंने कही। साथ ही निर्देश दिए कि महिलाओं का मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिये विशेष प्रयास किए जाएं।
मध्यप्रदेश की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती वीरा राणा ने कहा कि कोविड संक्रमण की चुनौती को ध्यान में रखकर विधानसभा उप निर्वाचन को चुनौती के रूप में लें और अपने प्रशासनिक कौशल का परिचय देकर स्वतंत्र] निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराएँ।
ज्ञात हो ग्वालियर एवं चंबल संभाग के कुल 16 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उप चुनाव होना हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 नवम्बर को मतदान एवं 10 नवम्बर को मतगणना होगी।
पोस्टल बैलेट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के उप आयुक्त सुदीप जैन ने सभी पात्र इच्छुक मतदाताओं को पोस्टल बैलेट के जरिए मताधिकार की सुविधा दिलाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा पात्र मतदाताओं तक पोस्टल बैलेट पहुँचाने पर विशेष ध्यान दें। जिला निर्वाचन अधिकारी इसका सत्यापन जरूर कराएँ। साथ ही यह सुनिश्चित कर लें कि सभी पोस्टर बैलेट वापस भी आ जाएं। ज्ञात हो इस बार 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता] कोविड संक्रमित] दिव्यांग एवं विशेष सेवाओ में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट की सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
कमाण्ड सेंटर का उपयोग चुनाव की मॉनीटरिंग में करें
भारत निर्वाचन आयोग के उप आयुक्त सुदीप जैन ने मोतीमहल स्थित स्मार्ट सिटी के कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि इस सेंटर का उपयोग विधानसभा उप चुनाव की निगरानी में किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *